प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से सुस्त रहा मानसून फिर एक्टिव हो गया है। कोटा में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। कई इलाकों रुक-रुक कर रिमझिम बारिश हुई। अधिकतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 31.9 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाम साढ़े 5 तक 2.2 एमएम बरसात हुई। बादल छाए रहने और हल्की बरसात होने से मौसम सुहावना हो गया। लोगों को गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली हैं। मौसम विभाग ने कोटा संभाग में अगले तीन दिन बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार- इस मानसून सीजन में अब तक औसत से 28% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 11 सितंबर तक औसत 696.4मिमी बारिश होती है। इस सीजन में अभी तक 500.3 मिमी बारिश हुई है।