कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को 38 वर्षीय विवाहिता ने ससुराल में फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर महिला को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शराब पीकर मारता था पति मृतका की पहचान शोभा राठौर के रूप में हुई है। वह आशा कार्यकर्ता थी और उसके दो बेटे हैं। मृतका के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि शोभा की शादी करीब 13 साल पहले हुई थी। उसका बड़ा बेटा प्रेम 13 साल और छोटा बेटा अर्पित 8 साल का है। आरोप है कि शोभा का पति रोज शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था और छोटी-छोटी बातों पर परेशान करता था। भाई ने यह भी आरोप लगाया कि परिजनों के पहुंचने से पहले ही शोभा को फंदे से उतारकर नीचे रख दिया गया था। पोस्टमॉर्टम के दौरान पति और ससुर के मौजूद नहीं होने की बात भी कही। परिजनों की शिकायत पर होगी जांच विज्ञान नगर थाने के हेड कॉन्स्टेबल रूप सिंह ने बताया कि महिला को परिजन एमबीएस अस्पताल लेकर आए थे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।