कोटपूतली | करवा चौथ का पर्व नजदीक आते ही बाजारों में तैयारियां तेज होने लगी हैं। सुहागिनों के इस खास त्योहार को लेकर करवे बनाने वाले कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। चीनी की बढ़ती कीमतों ने इस बार करवा कारोबार की लागत बढ़ा दी है। पिछले साल जहां चीनी के करवे 78 से 80 रुपए प्रति किलो के थोक भाव से बिके थे, इस बार इनके 90 से 100 रुपए प्रति किलो तक पहुंचने के आसार हैं। त्योहार पर खरीदारी करने वाले ग्राहकों को पिछले साल के मुकाबले अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है। करवा चौथ पर पूजा में इस्तेमाल होने वाले करवे बाजार की प्रमुख वस्तुओं में शामिल हैं। त्योहार से पहले इनकी मांग बढ़ने लगती है। इसी को देखते हुए कारीगर बड़ी संख्या में करवे तैयार करने में जुटे हैं। थोक व्यापारियों और दुकानदारों तक समय पर माल पहुंचाने की तैयारी है। बाजार में मांग के अनुसार आपूर्ति बनाए रखना भी कारीगरों के लिए चुनौती रहता है।