कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले रिटर्निंग अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। इन अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त कर उनके मूल पदस्थापन पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। ये प्रशिक्षण 18 अक्टूबर को पाना देवी मौरिजावाला गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज, कोटपूतली में हुआ था। निर्वाचन कार्यों के लिए आयोजित इस पहले प्रशिक्षण में रिटर्निंग अधिकारियों की उपस्थिति बहुत कम रही। कम उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी किए गए। आदेश के अनुसार, रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी और जिला व उपखंड स्तर के प्रकोष्ठ प्रभारियों को भी चुनाव कार्य में लगे प्राचार्यों व समकक्ष अधिकारियों को कार्यमुक्त करने को कहा गया है। जिले की आठ पंचायत समितियों में दूसरे चरण का मतदान 27 से 31 अक्टूबर और तीसरे चरण का मतदान 2 से 6 नवंबर तक होगा।