कोटपूतली में बसंती देवी दिव्यांग सेवा समिति, मांजूकोट-ललाना की ओर से रक्तदान एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें राजकीय बीडीएम जिला अस्पताल की टीम के सहयोग से 24 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शिविर में सैकड़ों मरीजों को नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। शिविर में फिजियोथेरेपी परामर्श की व्यवस्था की गई, जिसकी अगुवाई डॉ. राहुल बायलान ने की। वहीं, भगत जी हॉस्पिटल के फिजिशियन ने ओपीडी के माध्यम से मरीजों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क चिकित्सकीय सलाह दी। रक्तदान कर किया शिविर का शुभारंभ कार्यक्रम की शुरुआत नगरपालिका चेयरमैन पति ने रक्तदान कर की। इस दौरान रक्तदाताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। समिति की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समिति सचिव ने रक्तदान करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। सेवा कार्यों से जरूरतमंदों को राहत समिति पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। शिविर के आयोजन में गांव के गणमान्य नागरिकों और भामाशाहों ने भी सहयोग किया।