कोटपूतली जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने बुधवार को आयोजित एक बैठक में सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए और सफाई व्यवस्था पुख्ता रखी जाए। इस बैठक में नगर परिषद आयुक्त, जिले के समस्त अधिशाषी अधिकारी (ईओ), आरओ पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड, रीको और बीड़ा के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलेक्टर ने नगर पालिकावार संपर्क पोर्टल की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने आमजन के परिवादों और संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों पर चर्चा करते हुए कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्राथमिकता के साथ काम किया जाए और पोर्टल पर एवरेज डिस्पोजल समय में कमी लाई जाए। उन्होंने स्वच्छता अभियान के तहत शहरी क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई करवाने, घर-घर से कचरा संग्रहण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालने के लिए पाबंद करने के निर्देश दिए। साथ ही, सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करवाने को भी कहा। शहरी इलाकों के सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक प्रयास करने और दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर संबंधित टेंडर फर्म को नोटिस जारी कर पाबंद करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों, सरकारी भवनों और अन्य क्षेत्रों में सफाई अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। बैठक में ठोस और गीले कचरे के पृथक्करण को सुनिश्चित करने, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, कचरा डिस्पोजल प्लांट्स, डंपिंग यार्ड, जलभराव वाले स्थानों की सफाई और पार्कों की सफाई पर भी जोर दिया गया। एनसीआर एवं रीको क्षेत्र में प्रदूषण संबंधी समस्याओं के समाधान, कचरा संग्रहण, कचरे में आगजनी की घटनाओं और गंदे जल के संग्रहण के संबंध में रीको, बीड़ा, शहरी निकाय और पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड को समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा, बहरोड़ के नूर मोहम्मद, पावटा के ईओ फतेह सिंह मीणा, बानसूर के विशाल यादव, नीमराना के राहुल अग्रवाल, मांढण के योगेश कुमार, आरएम रीको नीमराणा राहुल भट्ट और आरएम पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड राजकुमार सेहरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।