कोटपूतली के पूतली रोड स्थित प्राचीन श्री दुर्गा माता मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर विशाल जागरण हुआ। महंत योगेश पंडित की देखरेख में आयोजित जागरण में भजनों की प्रस्तुतियों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। देर रात तक श्रद्धालु माता रानी के भजनों पर झूमते रहे। जागरण की शुरुआत टिंकू म्यूजिकल ग्रुप और श्री श्याम शक्ति मंडल ट्रस्ट के कलाकारों ने गणेश वंदना के साथ की। इसके बाद अलवर की भजन गायिका कुमकुम शर्मा ने ‘ओढ़ के चुनरिया लाल’ और ‘चलो बुलावा आया है’ सहित कई भजनों की प्रस्तुतियां दीं। उनके भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। सजीव झांकियों ने मोहा मन जागरण में नारनौल के हरीश आर्ट ग्रुप की ओर से प्रस्तुत सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों ने हनुमान, राधा-कृष्ण, महाकाली और कृष्ण-सुदामा की सुंदर झांकियां सजाईं। इन झांकियों को देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। कार्यक्रम के अंत में कन्या के रूप में माता वैष्णो देवी की विशेष झांकी प्रस्तुत की गई। इसके बाद माता रानी की महाआरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।