कोटपूतली क्षेत्र में मानसून ने दस्तक दे दी है। गुरुवार सुबह क्षेत्र में बारिश का दौर जारी हुआ। इस बारिश के बाद लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों को खरीफ की फसलों में फायदे की उम्मीद है। गुरुवार 2सुबह कोटपूतली में 17 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा, विराटनगर में 11 मिलीमीटर, बानसूर में 22 मिलीमीटर, नीमराना में 14 मिलीमीटर और बहरोड़ में 21 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेज धूप और भीषण गर्मी पड़ रही थी, जिससे जनजीवन प्रभावित था। किसान भी खरीफ की फसलों को लेकर चिंतित थे, खासकर अगैती बाजरे की फसल को पानी की आवश्यकता थी। मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 3 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान में मानसून के प्रवेश की संभावना है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है।