कोटपूतली जिले में नशे की रोकथाम और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शुक्रवार शाम जिला नार्को कॉर्डिनेशन सेंटर (एनकॉर्ड) की बैठक हुई। कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता और एसपी सतवीर सिंह की मौजूदगी में अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने और नशा तस्करी नेटवर्क पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। नशा मुक्ति केंद्रों और शिक्षण संस्थानों के आसपास निगरानी कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने पुलिस के साथ समन्वय बनाकर नशे से जुड़ी अवैध गतिविधियों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्रों और शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया जा सके। नशा तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश एसपी सतवीर सिंह ने नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करने और राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में शराब ठेकों के निर्धारित समय से पहले या बाद तक खुले रहने की शिकायतों पर कार्रवाई करने तथा मेडिकल दुकानों का औचक निरीक्षण करने पर भी चर्चा हुई। विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरुका, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, पीडब्ल्यूडी के एसई जगदीश प्रसाद यादव और डीटीओ सुनील कुमार सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।