कोटपूतली में पंचायतीराज चुनाव-2026 के लिए मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा। कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने मतदाताओं को वोट डालने की सुविधा देने के लिए यह आदेश जारी किए हैं। दूसरे चरण में कोटपूतली, नारायणपुर, पावटा और बानसूर पंचायत समितियों में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 28 अक्टूबर को छुट्टी रहेगी। पंच और सरपंच पदों के लिए 30 अक्टूबर को संबंधित क्षेत्रों में अवकाश घोषित है। इसी तरह, तीसरे चरण में बहरोड़, नीमराना, विराटनगर और मैड-कुण्डला पंचायत समितियों में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 3 नवंबर को अवकाश रहेगा। पंच और सरपंच पदों के लिए 5 नवंबर को संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में छुट्टी घोषित है। कलेक्टर ने अधिकारियों को राज्य सरकार के आदेशों का पालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मतदान के दिन मतदाता आसानी से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।