बांसवाड़ा| जिला क्रिकेट संघ बांसवाड़ा की ओर से आयोजित पुष्पेंद्र जोशी अंडर 14 क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को चैलेंजर राउंड का आखिरी छठा मैच इमरान एकादश बनाम कृष्ण पंचाल एकादश के मध्य खेला गया। जिला क्रिकेट संघ बांसवाड़ा अध्यक्ष प्रेम प्रताप सिंह मालवीया ने बताया कि एक दिवसीय 50-50 ओवर का मैच हुआ। इसमें कृष्णा पंचाल एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मोक्ष पटेल के 44 व हेमंत मकवाना के 42 रनों की बदौलत 50 ओवर में 213 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इमरान खान एकादश की ओर से तीर्थ दिनकर जानी ने 6 विकेट झटके। लक्ष्य हासिल करने उतरी इमरान खान एकादश टीम भी 50 ओवर में 212 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस तरह कृष्णा पंचाल एकादश ने 1 रन से मैच में जीत दर्ज की। इमरान खान की ओर से हसन खान ने 64 रन व इंदरसिंह ने 28 रन का योगदान दिया। कृष्णा पंचाल एकादश की ओर से लक्ष्य कुमावत ने 4 विकेट व जिगर ने 3 विकेट झटके। मैच में अंपायर पराग चौबीसा व हनी गांधी और स्कोरर देव शर्मा थे। उन्होंने बताया कि पुष्पेंद्र जोशी अंडर 14 प्रतियोगिता के तहत कुल 140 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिन्हें कुल 9 टीम में बांटा गया। लीग स्तर पर 9 मैच कराए गए, जिसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 64 खिलाड़ियों का चैलेंजर ट्रॉफी के लिए चयन हुआ। चैलेंजर ट्रॉफी के तहत कुल 6 एक दिवसीय मैच खेले गए। इनमें प्रदर्शन के आधार पर बांसवाड़ा अंडर 14 टीम का चयन किया जाएगा, जो राजस्थान क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित की जाने वाली अंडर 14 प्रतियोगिता में भाग लेगी।