डीडवाना-कुचामन पुलिस ने पंचायत चुनावों के मद्देनजर अवैध शराब पर कार्रवाई की। कुचामन सिटी में बिना नंबर की कार से 2640 पव्वे देसी शराब जब्त हुई। एक आरोपी गिरफ्तार हुआ, जबकि ड्राइवर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देश पर कुचामन सिटी थाना पुलिस और डीएसटी ने यह कार्रवाई की। गश्त के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की कार रोकने की कोशिश की। ड्राइवर पुलिस को देखकर भागा और कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार की आगे की सीट पर बैठे बसंत जांगीड़ (37), निवासी पांचोता, नावा शहर को पकड़ा। तलाशी में 55 कार्टून देसी शराब (आरएसजीएसएम) मिली। बसंत को गिरफ्तार कर शराब और कार जब्त की गई। आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ। गिरफ्तार आरोपी से शराब परिवहन के संबंध में पूछताछ जारी है। फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह और कमलेश कुमार का कार्रवाई में विशेष योगदान रहा।