डीग जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र के अवार गांव में पंचायत चुनाव को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। यहां सरपंच पद के प्रत्याशी अशोक भुंडा और राजेश कुमार से जुड़े पक्षों के बीच वार्ड पंच की उम्मीदवारी को लेकर तनाव बढ़ने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 6 ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। इसी वार्ड से श्यामसुंदर की बेटी नीतू को प्रत्याशी बनाने को लेकर विवाद होने की बात बताई जा रही है। आरोप है कि अशोक भुंडा नीतू को चुनाव लड़ाना चाहते थे, जबकि राजेश कुमार इसका विरोध कर रहे थे। राजेश का संबंध ठोक लौहसर और अशोक का प्रताप से बताया गया है। वोट मांगने के दौरान हुआ हमला श्यामबीर पुत्र बलवीर सिंह की ओर से दिए गए परिवाद के अनुसार 28 अक्टूबर को शाम करीब 6:20 बजे वह राजेश कुमार के साथ श्याम पुत्र रामसिंह के घर सरपंच प्रत्याशी राजेश के समर्थन में वोट मांगने गए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी दौरान अशोक भुंडा अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। उनके पास लाठी-डंडे और अन्य हथियार थे। फावड़े से भी किया वार परिवाद में आरोप लगाया गया है कि एक व्यक्ति ने श्यामबीर के सिर पर हथियार के बट से वार किया और हवाई फायरिंग की। वासुदेव पुत्र हरिराम पर भी सिर पर लाठियों से हमला करने का आरोप लगाया गया है। वहीं, जसवंत पुत्र विजेंद्र पर राजवीर पुत्र रामबीर के माथे पर फावड़े से वार करने की बात कही गई है। शिकायत के मुताबिक, अन्य लोगों ने भी लाठी-डंडों, थप्पड़ और ईंट-पत्थरों से मारपीट की। घटना के बाद दोनों पक्षों के कुम्हेर थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत देने की जानकारी सामने आई है। श्यामबीर ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।