कूनो नेशनल पार्क से निकली मादा चीता वीरा का मूवमेंट रविवार को लगातार 13वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान उसने 2 बकरों का शिकार किया है। वीरा अब मध्य प्रदेश की सीमा के करीब पहुंच गई है। यह चौथी बार है जब वीरा कूनो के जंगल से निकलकर बारां जिले के जंगलों में पहुंची है। खास बात यह है कि वीरा जंगल के रास्ते से ही वापस कूनो लौट जाती है और फिर घूमते हुए बारां की सीमा में आ जाती है। कूनो की स्पेशल ट्रैकिंग टीम और स्थानीय वन विभाग जीपीएस लोकेशन के जरिए वीरा की हर हरकत पर नजर बनाए हुए है। अब तक 60 KM का सफर तय कर चूकी 'वीरा' जानकारी के अनुसार, वीरा 1 सितंबर को कूनो पार्क से निकलकर खंडेला क्षेत्र में पहुंची थी। वहां से रामपुर, टोडिया, सूखा सेमली और समरानियां होते हुए अब तक करीब 60 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है। शनिवार को उसका मूवमेंट राधापुरा के आसपास देखा गया था। रविवार को वह मध्य प्रदेश सीमा के निकट पहुंच गई। फिलहाल उसकी लोकेशन किशनगंज क्षेत्र के जंगल में है। चीता के मूवमेंट को देखते हुए जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा और डीएफओ बड़े विवेकानंद माणिकराव खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने वन कर्मियों से मूवमेंट की जानकारी ली। वन विभाग के अनुसार, चीता ने चार दिन पहले एक बकरे का शिकार किया था और शनिवार को फिर एक बकरे का शिकार किया है। वन विभाग की टीम पूरी तरह अलर्ट पर है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे चीता से दूरी बनाए रखें, जंगल की तरफ अकेले नहीं जाएं और किसी भी स्थिति में चीता को परेशान नहीं करें।