डीडवाना में ग्रीष्म ऋतु और नहरबंदी के मद्देनजर जलदाय विभाग (नहरी परियोजना) ने पेयजल के दुरुपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। बुधवार को लादडिया गांव में एक औचक निरीक्षण के दौरान 15 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सहायक अभियंता राजपाल सिंह शेखावत के नेतृत्व में नहरी परियोजना की टीम ने गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान 11 व्यक्तियों को अवैध कनेक्शन का उपयोग करते हुए, 2 को बूस्टर पंप का इस्तेमाल करते हुए और 2 अन्य को पेयजल का दुरुपयोग करते हुए पाया गया। इन सभी 15 लोगों के खिलाफ विभाग ने पेनल्टी नोटिस जारी किए हैं। नहरी परियोजना के अधिशासी अभियंता (XEN) अजीत सिंह ने बताया कि गर्मी और नहरबंदी के कारण जल आपूर्ति प्रभावित होती है। ऐसे में अवैध कनेक्शन और बूस्टर पंप के उपयोग से अन्य उपभोक्ताओं के हिस्से का पानी कम हो जाता है। उन्होंने डीडवाना उपखंड के निवासियों से अपील की है कि जल आपूर्ति के दौरान बूस्टर या मोटर का उपयोग न करें। साथ ही, यदि कहीं अवैध कनेक्शन हैं तो उन्हें तुरंत हटा दें, ताकि सभी को समान रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।