डीडवाना-कुचामन जिले में ग्राम रथ अभियान के तहत मंगलवार को लाडनूं उपखंड की ग्राम पंचायत रींगण में संध्या चौपाल का आयोजन हुआ। इसमें जिला कलक्टर अवधेश मीना ने आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्राम रथ के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश चौपाल में ग्रामीणों ने नहरी पेयजल आपूर्ति, रास्तों की मरम्मत, विद्युत ट्रांसफार्मर ठीक कराने, अतिक्रमण हटाने, फसल खराबे का मुआवजा दिलाने और जलभराव जैसी विभिन्न समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने सभी परिवेदनाओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अतिक्रमण और राजस्व मामलों में तहसीलदार को मौके पर जाकर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पेयजल समस्याओं के समाधान के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील इस अवसर पर कलेक्टर ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी ग्राम रथ के जरिए घर-घर पहुंचाई जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से इन योजनाओं की जानकारी लेकर अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। ग्रामीणों ने ग्राम रथ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पहले जानकारी के अभाव में वे योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते थे। अब ग्राम स्तर पर ही जानकारी उपलब्ध होने से उन्हें काफी सुविधा मिल रही है। कार्यक्रम में एसडीएम मीनू वर्मा, विकास अधिकारी कुमुद सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और अन्य कार्मिक मौजूद रहे।