आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेजों का कथित दुरुपयोग कर दो फर्जी GST रजिस्टर्ड कंपनियां खोलने और परिवादी के नाम से खाते खुलवाकर लाखों रुपए का लेन-देन करने के मामले में लाडनूं पुलिस ने चार साल से फरार चल रहे आरोपी प्रवीण जांगीड़ को जयपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 20 अगस्त 2022 को मामला दर्ज हुआ था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार छिप रहा था। पुलिस ने उसे जयपुर से दस्तयाब कर पूछताछ एवं अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर मामले में आगे की जांच की जा रही है। दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी GST कंपनियां खोलने का आरोप पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2022 को परिवादी सुमित पुनियां ने लाडनूं थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसमें आरोप लगाया गया कि प्रवीण जांगीड़ ने परिवादी के आधार कार्ड, पैन कार्ड, कैंसिल चेक सहित अन्य दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उसके नाम से दो फर्जी GST रजिस्टर्ड कंपनियां खोल दीं। इसके बाद परिवादी के नाम से फर्जी बैंक खाते खुलवाकर लाखों रुपए का लेन-देन किया गया। आरोप है कि इस गतिविधि से राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया। रिपोर्ट के आधार पर लाडनूं थाने में प्रकरण संख्या 237/2022 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था। तकनीकी सहायता से जयपुर तक पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर छिप रहा था। टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी सहायता के आधार पर उसकी तलाश की और उसे जयपुर से दस्तयाब कर लिया। पूछताछ एवं अनुसंधान के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। अब पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान मामले से जुड़े तथ्यों और कथित लेन-देन को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है। एसपी के निर्देशन में गठित टीम ने की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और लाडनूं वृत्ताधिकारी जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी शिम्भुदयाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में लाडनूं थानाधिकारी शिम्भुदयाल, हेड कॉन्स्टेबल विजय कुमार (67), कॉन्स्टेबल जलसिंह (868) और कॉन्स्टेबल राकेश (793) शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिरफ्तार आरोपी प्रवीण जांगीड़ (32) पुत्र मोहनलाल जांगीड़ है। वह मालियों का मोहल्ला, दुजार, थाना लाडनूं, जिला डीडवाना-कुचामन का निवासी है। पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।