राजगढ़ के वार्ड 26 में पालिका चुनाव को लेकर बुधवार को हुए मतदान समापन के बाद इसी वार्ड में चुनाव लड़ रहे दो उम्मीदवारों के परिवारों के बीच लाठी-डंडे चले, जिसमें 14 लोग घायल हो गए। इनमें से 2 लोगों को रेफर किया गया है। सभी घायलों को परिजन व मोहल्लेवासी उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार किया जा रहा है। घटना को लेकर बुधवार देर शाम तक थाने मंे कोई मामला दर्ज नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार मतदान केंद्र मदरसा गरीब नवाज में शाम 6 बजे मतदान होने के बाद पोलिंग एजेंट बाहर निकले, तभी एक राजनीतिक दल व एक निर्दलीय उम्मीदवार के परिवारों के बीच झगड़ा हुआ। झगड़े में तीन से चार लोगों के सिर पर गंभीर चोटें आना बताया जा रहा है, जिसमें एक महिला भी है। झगड़े का मुख्य कारण चुनाव को लेकर रहा। कुछ घायलों ने बताया कि उनके कुल्हाड़ी से चोटें पहुंचाई गई। उपजिला अस्पताल की पीएमओ डॉ. संतोष भगासरा ने बताया कि अस्पताल में मो. आजाद, याकूब, बतुल बानो, मो. युनस, मो. आरिफ, असलम, मो. आरिफ पुत्र रफीक, मो. आसिफ, आमीन, सद्दाम खान, आजम अली, सलीम, साबिर व आदिल घायल अवस्था में पहुंचे, जिनका उपचार किया जा रहा है। मो. युनस पुत्र यासीन व मो. आजाद को रेफर किया गया है। अस्पताल पहुंचे एसएचओ राजेश कुमार ने घटना की जानकारी ली। एसएचओ ने बताया कि दो परिवारों के बीच झगड़ा होने की सूचना मिली है। पुलिस जांच कर रही है।