नगर निकाय आम चुनाव-2026 की मतगणना सोमवार को होगी। इसको लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वाटरशेड सभागार में मतगणना दलों का प्रशिक्षण हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी देशलदान के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम प्रकाशचंद्र रैगर ने की। रिटर्निंग अधिकारी सोनू कुमार गुर्जर भी मौजूद रहे। दक्ष प्रशिक्षक वैभव पाठक ने कार्मिकों को मतगणना की पूरी प्रक्रिया समझाई। इसमें काउंटिंग टेबल की व्यवस्था, ले-आउट, मतगणना से पहले की तैयारियां, आवश्यक सामग्री, नियमावली और गणना प्रक्रिया की जानकारी दी। इसमें ईवीएम से मतगणना, राउंड वार गणना, ईवीएम पर लगी सीलों की जांच और परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्मिकों को निर्देश दिए कि मतगणना के दौरान प्रत्येक प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी सावधानी और पारदर्शिता से की जाए। इस दौरान तहसीलदार निर्वाचन अनिल पंड्या, तहसीलदार कमलेश मीणा सहित विभिन्न मतगणना दलों में नियुक्त कार्मिक मौजूद रहे। गौरतलब है कि डूंगरपुर नगर परिषद और सागवाड़ा नगर पालिका चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को होगी। मतगणना से पहले कार्मिकों को प्रक्रिया की बारीकियों का प्रशिक्षण देकर निष्पक्ष व पारदर्शी परिणाम सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।