अजमेर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को काले झंडे दिखाए गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके बयान के विरोध में ये प्रदर्शन किया। पुलिस ने दो कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया है। दरअसल, मदन राठौड़ सोमवार दोपहर को किशनगढ़ पहुंचे थे। यहां कंवरलाल पाटनी को श्रद्धांजलि देने के लिए आए थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी भी साथ थे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और केंद्रीय मंत्री ने आरके मार्बल में स्व.कंवरलाल पाटनी को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। जैसे ही प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ किशनगढ़ से जयपुर जाने के दौरान आरके मार्बल से रवाना हुए। इसी दौरान मकराना चौराहे पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले के सामने काले झंडे दिखाए। कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पूर्व में दिए गए बयान का विरोध कर रहे थे। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस पहले से सतर्क थी। विभिन्न स्थानों पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मदन राठौड़ की कार को काले झंडे दिखाए। इस पर गांधीनगर थाना पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। मदन राठौड़ बोले थे- पाकिस्तान-अमेरिका भिड़ंत में हम पाकिस्तान के साथ BJP प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा था कि अगर भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट का मैच हो और दुर्भाग्य से भारत हार जाए। उस समय जो पटाखे फोड़े, वह देशभक्त नहीं है। हां, मैं यह कहता हूं कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मैच हो तो हम पाकिस्तान के साथ हैं, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है। राठौड़ ने यह बयान प्रदेश बीजेपी कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित सेमिनार में दिया था। विवाद बढ़ने के बाद राठौड़ ने कहा कि- उनकी बात को तोड़-मरोड़कर बताया गया है। (पूरी खबर पढ़ें)