सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर उपखंड क्षेत्र के टापरी गुर्जर गांव में सोमवार सुबह बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से रेलवे कर्मचारी की मौत हो गई। वे निमोदा रेलवे स्टेशन पर गैंगमैन के पद पर कार्यरत थे। ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकलने के बाद हादसा हुआ। घर से कुछ दूरी पर हुआ हादसा थानाधिकारी मदनलाल ने बताया- सुखराम गुर्जर (44) पुत्र कमल गुर्जर सोमवार सुबह करीब 7 बजे ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचने के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा सूचना मिलने पर एएसआई रामवीर पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मलारना डूंगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉ. अमन आर्य ने पोस्टमार्टम किया। शव परिजनों को सौंप दिया गया।