बूंदी शहर के व्यस्ततम इलाके में मंगलवार को एक युवक पर चाकू से हमला हो गया। इस हमले में माटुंदा गांव निवासी राकेश खटीक गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। कोतवाली थाना प्रभारी निर्मला पांड्या के अनुसार, राकेश खटीक बहादुर सिंह सर्किल स्थित मंदिर के पास सब्जी खरीदने आए थे। इसी दौरान 3-4 नकाबपोश युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। शरीर पर कई जगह गंभीर घाव हुए घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राकेश को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बताया कि राकेश के शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार अस्पताल में दिए प्रारंभिक बयान में घायल राकेश खटीक ने बताया कि हमलावरों से उनका पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उन पर हमला किया। पुरानी रंजिश में किया हमला थाना प्रभारी निर्मला पांड्या ने पुष्टि की कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के बाद पुलिस ने शहर के विभिन्न मार्गों पर नाकाबंदी कर दी है और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश जारी है। हालांकि हमलावरों की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने का दावा किया गया है।