कामवन क्षेत्र की विधायक नौक्षम चौधरी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जूरहेड़ा का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान सामने आई स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को देखकर विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाई।
अस्पताल परिसर में प्रवेश करते ही विधायक को अव्यवस्था और गंदगी का सामना करना पड़ा। सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। विधायक ने मौके पर मौजूद स्टाफ से कहा कि मरीजों को स्वच्छ वातावरण देना उनका कर्तव्य है और गंदगी के बीच इलाज संभव नहीं है। उन्होंने तुरंत सुधार करने या कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों की अनुपस्थिति सबसे चौंकाने वाला पहलू था। कई महत्वपूर्ण विभागों में डॉक्टर अपनी कुर्सियों पर नहीं थे, जबकि बाहर मरीज इलाज का इंतजार कर रहे थे। इस स्थिति पर विधायक ने लापरवाह चिकित्सकों और स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, विधायक ने तुरंत उच्च अधिकारियों को फोन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी तंत्र की यह मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने अधिकारियों को अनुपस्थित डॉक्टरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने और अस्पताल में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
विधायक ने वार्डों में जाकर मरीजों और उनके तीमारदारों से भी बातचीत की। मरीजों ने डॉक्टरों की बेरुखी और समय पर इलाज न मिलने की शिकायत की। नौक्षम चौधरी ने उन्हें आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं होगी। विकास कार्यों का लोकार्पण जुरहेड़ा ग्राम पंचायत के गावड़ी गांव में विधायक नौक्षम चौधरी ने फीता काटकर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विधायक का भव्य स्वागत किया।
सरपंच प्रतिनिधि आश खां और ग्राम पंचायत के सदस्यों ने विधायक नौक्षम चौधरी को चांदी का मुकुट पहनाकर, शाल ओढ़ाकर और 51 किलो फूलों की माला भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक नौक्षम चौधरी ने गावड़ी पंचायत के विकास के लिए 90 लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। घोषित 90 लाख रुपये की राशि से गांव के श्मशान घाट और कब्रिस्तान की चारदीवारी, टीन शेड का निर्माण, सड़कों का विकास, पेयजल के लिए डीप बोर और सरकारी विद्यालय में नए शिक्षा कक्षों का निर्माण किया जाएगा। विधायक ने शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने को अपनी प्राथमिकता बताया। कार्यक्रम के दौरान विधायक चौधरी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने विधायक के प्रयासों से हो रहे लगातार विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान प्रतिनिधि नोमान खान, सरपंच मस्तू पाई, सरपंच आज़ाद ओलंदा, सरपंच रूबी करमूका, पूर्व सरपंच प्रभु कनवाडा, सरपंच आकिल बामनी, जिला मंत्री अली हुसैन, साकिर बिलग, सरपंच अकरम लुहेसर, वकील लुहेसर, सरपंच शिवनारायण, विजय वकील, रामेश्वर कलावटा सहित ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।