ग्लोबल हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, माउंट आबू ने 36वें स्थापना दिवस पर राज कंवर प्रकाशचन्द अग्रवाल वेलफेयर ट्रस्ट और ब्रह्माकुमारीज सिरोही के साथ मिलकर निःशुल्क पेट व लीवर रोग परामर्श शिविर लगाया। एसपी बंगले के सामने स्थित ट्रस्ट के फिजियोथेरेपी सेंटर में आयोजित शिविर में ग्लोबल हॉस्पिटल के पेट, आंत व लीवर रोग विशेषज्ञ डॉ. मानकरे सुधीर ने 35 मरीजों की जांच कर सलाह दी। उन्होंने पेट दर्द, गैस, एसिडिटी, अपच, कब्ज, दस्त, उल्टी, पीलिया जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने को कहा। डॉ. सुधीर ने फैटी लीवर, हेपेटाइटिस, लीवर सिरोसिस, पेट के अल्सर, आंतों में सूजन, इरिटेबल बाउल सिंड्रोम, पित्त की नली में पथरी जैसी बीमारियों की जानकारी दी। समय पर जांच व इलाज से गंभीर बीमारियों का खतरा कम हो सकता है। हॉस्पिटल में एंडोस्कोपी, कोलोनोस्कोपी, ERCP, EUS, POEM, ESD, पॉलीपेक्टॉमी जैसी आधुनिक जांच व इलाज सुविधाएं उपलब्ध हैं। आयोजक जे पी सिंह ने बताया कि शिविर का मकसद आम लोगों को विशेषज्ञ सलाह व बीमारी की पहचान, इलाज के प्रति जागरूक करना था।