हिल स्टेशन माउंट आबू में 9 और 10 मई को दो दिवसीय ग्रीष्म महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। राजस्थान पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन सिरोही और नगर पालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में बॉलीवुड गायिका तुलसी कुमार की लाइव प्रस्तुति, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और आतिशबाजी जैसे कई आकर्षण शामिल होंगे। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष आयोजन जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पूरे शहर को रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक सजावट से सजाया जा रहा है। यह आयोजन न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करेगा। पहले दिन की शुरुआत ‘रन फॉर माउंट आबू’ से 9 मई को सुबह 9 बजे ‘रन फॉर माउंट आबू’ के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद 10:30 बजे टग ऑफ वॉर, 11:30 बजे स्लो साइक्लिंग प्रतियोगिता और दोपहर 12 बजे क्रिकेट मैच आयोजित किया जाएगा। शाम को कार्यक्रम और भी आकर्षक हो जाएंगे— शाम 7 बजे झील किनारे दीपदान, 7:30 बजे एयरफोर्स और सीआरपीएफ की प्रस्तुतियां, रात 8 बजे राजस्थान बैंड की सांस्कृतिक संध्या। मेगा कल्चरल नाइट में तुलसी कुमार का जलवा पहले दिन का मुख्य आकर्षण पोलो ग्राउंड में आयोजित मेगा कल्चरल नाइट होगी, जहां तुलसी कुमार अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके साथ ही एयरफोर्स और सीआरपीएफ के विशेष शो भी दर्शकों को रोमांचित करेंगे। दूसरे दिन खेल और मनोरंजन का तड़का 10 मई को सुबह 11 बजे मटका रेस और 11:30 बजे मटका फोड़ प्रतियोगिता आयोजित होगी। शाम के कार्यक्रमों में— 5 बजे म्यूजिकल चेयर, 5:30 बजे बोट रेस, रात 8 बजे ड्यून्स ऑफ राजस्थान बैंड और तुलसी कुमार की लाइव परफॉर्मेंस के साथ सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। शस्त्र प्रदर्शनी और आतिशबाजी भी आकर्षण महोत्सव के दौरान सीआरपीएफ द्वारा शस्त्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जो पर्यटकों के लिए खास आकर्षण होगी। दोनों दिन भव्य आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। राजस्थान-गुजरात संस्कृति का संगम इस ग्रीष्म महोत्सव में राजस्थान के साथ-साथ गुजरात की संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को एक ही मंच पर दो राज्यों की परंपराओं और सांस्कृतिक रंगों का अनुभव मिलेगा।