सेंट्रल और सीएमएचओ जयपुर सैंकड की ज्वाइंट टीम ने आज मुहाना मंडी स्थित मैसर्स श्री श्याम फूड्स पर कार्रवाई की। यहां से टीम ने करीब 85 हजार किलो आचार और आचार बनाने के लिए रखे कच्चे माल को नष्ट करवाने के लिए सीज किया। जिन कंटेनरों में इस माल को रखा था वहां टीम को मच्छर, म​क्खियां, मरी छिपकलियां और मकड़ी के जाले मिले। फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट से जारी रिपोर्ट के मुताबिक टीम जब मुहाना मंडी स्थित फर्म के बेसमेंट में गई तो वहां प्लास्टिक की करीब 100 टंकियों में अलग-अलग प्रकार का आचार और कच्चा माल रखा मिला। इनमें लगभग 5 हजार किलोग्राम तैयार आचार (गाजर, कैरी, नींबू और मिर्ची) मिला, जबकि करीब 80 हजार किलोग्राम कच्चा माल प्रोसेसिंग के लिए रखा था। टंकियों की जांच करने पर उनमें मच्छर, मकड़ियां और जाले पाए। एक-दो टंकियों में मृत छिपकलियां भी मिलीं। परिसर में अत्यधिक गंदगी के साथ खिड़कियां और जालियां टूटी हुई थी। सामग्री नष्ट करवाने के लिए सीज इस पर टीम ने मौके से सॉस, मिक्स आचार और आम के आचार के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए। साथ ही वहां रखे तमाम स्टॉक को सीज किया। खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका को देखते हुए यहां रखे 85 हजार किलोग्राम माल को नष्ट करवाने की कार्रवाई जल्द की जाएगी। वहीं खाद्य सामग्री के अवैध विक्रय अथवा उसे खुर्द-बुर्द किए जाने की आशंका को देखते हुए परिसर को सील कर खाद्य कारोबार पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है। साथ ही फर्म का खाद्य लाइसेंस निलंबित करने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।