बारां में नेशनल सेफ्टी काउंसिल (राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद) की 195वीं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक हुई। इसमें हिन्द मजदूर सभा के राष्ट्रीय सचिव मुकेश गालव को परिषद में वाइस चेयरमैन के पद पर सर्वसम्मति से चुना गया है। गालव ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के सहायक महामंत्री और वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन के महामंत्री भी हैं। मुकेश गालव की इस नियुक्ति पर वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्पलाइज यूनियन की बारां शाखा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है। शाखा के कार्यकारी अध्यक्ष लक्षराज मेघवाल और सभी सदस्यों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस मौके पर लक्षराज मेघवाल ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे श्रमिक वर्ग और खासकर रेलवे कर्मचारियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद जैसे अहम मंच पर मुकेश गालव की नियुक्ति से श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और काम करने की जगह पर सुरक्षित माहौल से जुड़े मुद्दों को नई ताकत मिलेगी। गालव लंबे समय से श्रमिकों और रेल कर्मचारियों के हितों के लिए काम कर रहे हैं।