खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने विकास अधिकारी (BDO) संजय कुमार यादव और कनिष्ठ सहायक रितिक कुमार सिंह को 65 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। ये रिश्वत सफाई ठेकों और पाइपलाइन काम की माप पुस्तिका (एमबी) भरने के बदले मांगी गई थी। बिलों की एमबी भरने के बदले मांगे पैसे एसीबी ने बताया- शिकायतकर्ता की फर्म मैसर्स अमनदीप को मुंडावर पंचायत समिति की मातौर और नगली ओजा ग्राम पंचायतों में सफाई के ठेके मिले थे। फर्म ने वहां पाइपलाइन का काम भी किया था। उसके बिलों की एमबी भरने के बदले विकास अधिकारी संजय कुमार यादव ने 65 हजार रुपए मांगे थे। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने 23 अक्टूबर 2026 को रिश्वत मांगने की बात का सत्यापन किया। एसीबी के अनुसार, सत्यापन में संजय कुमार यादव ने शिकायतकर्ता से 65 हजार रुपए लेने पर सहमति जताई। इसके बाद टीम ने जाल बिछाया। दोनों से पूछताछ कर रही एसीबी एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर भिवाड़ी एसीबी चौकी की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित, एसीबी जयपुर प्रथम के सुपरविजन में टीम ने ट्रैप किया। कार्रवाई का नेतृत्व भिवाड़ी एसीबी चौकी प्रभारी और ट्रैप अधिकारी पुलिस निरीक्षक सुरजीत सिंह ने किया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरविजन में दोनों से पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे जांच की जाएगी।