स्थानीय अनाज मंडी में शुक्रवार को सरसों और गेहूं के भाव में तेजी देखने को मिली। सरसों में 40 रुपए प्रति क्विंटल और गेहूं में 50 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी रही। कंडीशन सरसों सुबह 8690 रुपए प्रति क्विंटल खुली, जो शाम तक 8720 रुपए पर पहुंच गई। दीपावली सीजन को देखते हुए व्यापारियों ने सरसों और गेहूं में आगे भी तेजी की संभावना जताई है। मंडी में शुक्रवार को सरसों की करीब 2800 कट्टे, गेहूं के 300 कट्टे, बाजरा के 3000 कट्टे और कपास के करीब 1200 पल्ले की आवक हुई। व्यापारी सीताराम खंडेलवाल और वरुण डाटा ने बताया कि दीपावली के सीजन में मांग बढ़ने से सरसों और गेहूं के भाव में तेजी आने की संभावना है। शुक्रवार को सरसों 8390 से 8720, गेहूं 2750 से 2850, चना 6800 से 6900, बाजरा 2370 से 2500, कपास 9000 से 9200 प्रति क्विंटल के भाव से बिका। व्यापारियों के अनुसार दीपावली के चलते बाजार में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। इसका असर आने वाले दिनों में कृषि जिंसों के भाव पर देखने को मिल सकता है। किसानों को सरसों और गेहूं के भाव में तेजी से बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है।