जोधपुर शहर में त्योहारी सीजन को देखते हुए नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को भी नगर निगम की ओर से शहर के कई इलाकों में दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त किया गया। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों की ओर से विरोध भी किया गया। शहर के घंटाघर में ​अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके साथ ही बीच सड़क पर खड़े ठेला संचालकों को भी वहां से हटाया। ट्रैफिक को लेकर आ रही है समस्या दरअसल, त्योहारी सीजन में शहर में ट्रैफिक की समस्या को लेकर बार-बार शिकायत आ रही थी। इसके बाद नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया गया। नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि शुक्रवार को टीम ने आख​लिया से प्रताप नगर होते हुए कायलाना चौराहे तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इसके बाद शाम को घंटाघर में बीच सड़क अतिक्रमण कर बैठे लोगों को हटाया गया। इस दौरान दुकानों के बाहर रखा सामान भी जब्त किया गया। वहीं ट्रैफिक व्यवस्था बिगाड़ रहे और बीच सड़क पर खड़े ठेला संचालकों को भी हटाने की कार्रवाई की गई। 10 गाड़ी सामान किया जब्त, चेतावनी भी दी अभियान के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने भी इसका विरोध किया। लेकिन, समझाइश के बाद वे माने। कार्रवाई के दौरान पुलिस जाब्ता भी तैनात रहा। कार्रवाई में करीब 10 गाड़ी सामान जब्त किया गया। इस दौरान अतिक्रमण प्रभारी रजनीश बारासा, सुरेश हंस सहित नगर निगम की अतिक्रमण टीम मौजूद रही। आयुक्त ने भी शहरवासियों और स्थानीय व्यापारियों से अपील की है कि वे दुकानों के बाहर और सार्वजनिक सड़कों पर सामान रखकर यातायात बाधित न करें।