नागौर में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पार्टी कार्यालय में प्रथम चरण के चुनाव के लिए सभी मंडलों के प्रभारियों की बैठक हुई। सह संगठन प्रभारी अरुण चतुर्वेदी और नागौर प्रभारी प्रहलादराय टाक ने मंडल प्रभारियों से अलग-अलग चर्चा कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। चतुर्वेदी ने सभी जगह भाजपा के बोर्ड बनाने का दावा किया। उन्होंने क्रॉस वोटिंग या पार्टी विरोधी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर कार्रवाई की बात भी कही। मंडल प्रभारियों से वन-टू-वन चर्चा, चुनावी रणनीति पर मंथन पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव को लेकर नागौर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक दल प्रचार के साथ संगठन को मजबूत करने और अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। इसी क्रम में सोमवार को नागौर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रथम चरण के चुनाव को लेकर सभी मंडलों के प्रभारियों की संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक में भाजपा के सह संगठन प्रभारी अरुण चतुर्वेदी और नागौर प्रभारी प्रहलादराय टाक ने मंडल प्रभारियों से वन-टू-वन चर्चा की। इस दौरान चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही पंचायत समिति और जिला परिषद में भाजपा के बोर्ड बनाने की रणनीति पर मंथन हुआ। भाजपा सभी जगह बोर्ड बनाएगी: चतुर्वेदी बैठक के बाद सह संगठन प्रभारी अरुण चतुर्वेदी ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर मंडल प्रभारियों की बैठक बुलाई गई थी। इसमें पार्टी को मजबूत बनाने और चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने पर चर्चा हुई। चतुर्वेदी ने दावा किया कि नागौर में भाजपा मजबूत स्थिति में है और इस बार पार्टी सभी जगह अपने बोर्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर चुनाव की तैयारियां की जा रही हैं और सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। क्रॉस वोटिंग हुई तो होगी कार्रवाई निकाय चुनाव में पार्टी के भीतर हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर पूछे गए सवाल पर चतुर्वेदी ने कहा कि इस बार ऐसी स्थिति नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि यदि क्रॉस वोटिंग या पार्टी विरोधी गतिविधियों की जानकारी सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। दो जिला परिषद और दो पंचायत समिति वार्डों में प्रत्याशी नहीं उतारने की वजह बताई नागौर जिला परिषद के वार्ड 28 और 34 के अलावा मूंडवा पंचायत समिति के दो वार्डों में भाजपा की ओर से प्रत्याशी नहीं उतारे जाने के सवाल पर चतुर्वेदी ने इसकी वजह बताई। उन्होंने कहा कि कुछ कारणों से संबंधित लोग नामांकन फॉर्म भरने के लिए नहीं पहुंच सके। इसके चलते पार्टी इन वार्डों में प्रत्याशी खड़े नहीं कर पाई। चतुर्वेदी ने कहा कि पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव में भाजपा का लक्ष्य अधिक से अधिक जगहों पर अपने बोर्ड बनाना है।