नागौर में दशहरे पर इस बार 60 फीट ऊंचा रावण अपनी गर्दन दोनों तरफ 30-30 डिग्री घुमाकर कुंभकर्ण और मेघनाथ की ओर देखेगा। आगरा से आए करीब 15 कारीगरों की टीम पुतले तैयार करने में जुटी है। नगरपरिषद की ओर से राजकीय खेल स्टेडियम में आतिशबाजी के बीच पुतलों का दहन किया जाएगा। शोभायात्रा शाम 4:15 बजे रवाना होगी और 5:30 बजे दहन स्थल पर पहुंचेगी। नगरपरिषद सभापति संतोष टाक के अनुसार, रावण के पुतले में इस बार नया प्रयोग किया गया है। पुतले तैयार करने के लिए आगरा से आए करीब 15 कारीगरों की टीम पिछले 10 दिनों से काम कर रही है। कारीगरों ने रावण की गर्दन दोनों तरफ घुमाने की विशेष व्यवस्था की है। विजयादशमी महोत्सव के तहत मंगलवार शाम 4:15 बजे राम दरबार की सजीव झांकी के साथ शोभायात्रा रवाना होगी। शाम 5:30 बजे शोभायात्रा राजकीय खेल स्टेडियम स्थित दहन स्थल पर पहुंचेगी। यहां धार्मिक प्रसंगों पर आधारित कार्यक्रम होंगे। सीता हरण से राम-रावण युद्ध तक का मंचन स्टेडियम में सीता हरण, लंका दहन और राम-रावण युद्ध का मंचन किया जाएगा। इसके बाद भव्य आतिशबाजी के बीच 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। कार्यक्रम में कुंभकर्ण और मेघनाथ के विशाल पुतले भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। विजयादशमी को लेकर शहर में उत्साह विजयादशमी महोत्सव को लेकर शहर में उत्साह है। पारंपरिक शोभायात्रा, धार्मिक प्रसंगों के मंचन और आतिशबाजी के जरिए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा। इस बार रावण की घूमने वाली गर्दन कार्यक्रम का खास आकर्षण रहने की उम्मीद है।