जोधपुर शहर में सांप के डसने से महिला की मौत हो गई। सांप बाथरूम में बैठा था। एक लड़के की करंट लगने से जान चली गई। वहीं तीन दुकानों से सामान और रुपए चोरी हो गए। ये अलग-अलग थाना इलाकों की घटना है। पूर्व और पश्चिम जिले के थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़िए जोधपुर शहर की बड़ी खबरें… 1.बाथरूम में बैठा था सांप, डसने से मौत प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक महिला की सांप के डसने से मौत हो गई। घटना 23 जुलाई सुबह 7 से 7:30 बजे के बीच थाना क्षेत्र के ज्योति नगर स्थित चांदणा भाखर की है। चांदणा भाकर निवासी विष्णु ने बताया- सुमन सुबह घर में बने ​बाथरूम में गई थी। यहां सांप बैठा था। उसे देख वह चिल्लाने लगी, इतने में ही सांप ने उसे डस लिया। इसके बाद परिजन उसे लेकर महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचे जहां उसकी मौत हो गई। 2.करंट लगने से लड़के की मौत मथानिया थाना क्षेत्र में खेत पर काम करने के दौरा 15 साल के लड़के की मौत हो गई। मृतक के चाचा ने बताया- शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे उनका भतीजा खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसे वह करंट की चपेट में आ गया। इस पर उसे हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन, उसकी मौत हो चुकी थी। 3. दुकानों के ताले टूटे करवड़ के मंडलनाथ इलाके में शुक्रवार देर रात करीब 2:30 बजे चोरों ने दुकानों के ताले तोड़ चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मदन सिंह ने रिपोर्ट देकर बताया कि मंडलनाथ में उनकी दुकान है। बीती देर रात यहां चोरों ने दुकान के ताले तोड़े। इसके बाद इसमें रखा सामान और गल्ले में रखे रुपए चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामल दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 4. बस की टक्कर से युवक की मौत बोरानाड़ा थाना क्षेत्र में बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना 23 जुलाई गुरुवार को बोरनाड़ा थाना क्षेत्र के कटारड़ा के पास की है। मृतक जीयाराम के चाचा जेठाराम ने बताया कि उनका भतीजा बाइक पर कटारड़ा की तरफ आ रहा था। वह सड़क की साइड में चल रहा था। इसी दौरान पीछे से स्पीड में आ रही एमआर ट्रेवल्स की बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में जीयाराम की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के चाचा की रिपोर्ट पर बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।