नागौर नगर परिषद के उपसभापति हाजी मोहम्मद शरीफ कुरैशी को पद से हटाने की मांग उठी। जिसको लेकर सर्व हिंदू समाज ने मुख्यमंत्री और स्वायत्त शासन मंत्री के नाम ज्ञापन भेजा है। 29 अक्टूबर को दिए गए ज्ञापन में दशहरा मेले के दौरान भगवान श्रीराम दरबार की आरती और पूजा-अर्चना के बाद जारी किए गए ऑडियो को लेकर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन के अनुसार, 20 अक्टूबर को नगर परिषद की ओर से आयोजित दशहरा मेले में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीराम दरबार की आरती और पूजा-अर्चना की गई थी। इसके बाद उपसभापति की ओर से जारी ऑडियो में विवादित ब्यान दिया गया। इस ऑडियो को लेकर सर्व हिंदू समाज ने नाराजगी जताई है। उपसभापति से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग सर्व हिंदू समाज ने ज्ञापन में कहा कि संवैधानिक पद पर रहते हुए किसी एक समाज के पक्ष में काम करना ठीक नहीं है। समाज ने उपसभापति को पद से हटाने के साथ ही ऑडियो या वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन की चेतावनी ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि अगर मामले में कार्रवाई नहीं की गई और माफी नहीं मांगी गई, तो आगामी दिनों में आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत नगर परिषद में उपसभापति के कक्ष के सामने पुतला दहन करने के साथ जिला मुख्यालय पर विरोध-प्रदर्शन और धरना देने की चेतावनी दी गई है।