राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर नागौर पुलिस लाइन में मुख्य कार्यक्रम हुआ। यहां सेरेमोनियल परेड के साथ-साथ रक्तदान कैंप लगा। इसमें पुलिस के जवानों ने 350 यूनिट ब्लड डोनेट किया। कार्यक्रमों के जरिए पुलिस बल के समर्पण-साहस को याद करते हुए समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परेड से हुई। इसमें जवानों ने अनुशासन, वीरता और गौरवशाली परंपराओं का शानदार प्रदर्शन किया। जिला एसपी रोशन मीना ने परेड की सलामी ली और बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सर्वोत्तम सेवा चिह्न व उत्तम सेवा चिन्ह प्रदान किए। रक्तदान के जरिए मानव सेवा का परिचय​ स्थापना दिवस के उपलक्ष में रक्तदान शिविर में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उत्साह से भाग लेकर मानव सेवा का परिचय दिया। एसपी रोशन मीना, वृत्ताधिकारी जतिन जैन और ट्रेनी आईपीएस अदिति उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने रक्तदान किया। नागौर ब्लड बैंक की टीम की ओर से किए गए इस संग्रह अभियान में कुल 350 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। इस अवसर पर एएसपी आसाराम चौधरी, नूर मोहम्मद, प्रवेंद्र सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक जतिन जैन, आरपीएस धर्म पूनिया, उम्मेद सिंह, अरविंद विश्नोई और कोतवाली थानाधिकारी वेदपाल शिवराण सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।