उदयपुर के खेरोदा थाना क्षेत्र में सब्जी से भरे ट्रक ने ओवरटेक करने के चक्कर में कार को जोरदार टक्कर मार दी। कार में सवार दो महिलाएं, एक नाबालिग सहित 5 जने घायल हो गए। टकराने के बाद कार डिवाइडर पर चढ़ गई और ट्रक आगे जाकर पलट गया। ट्रक में से सब्जी के कट्टे बाहर बिखर गए। हादसा रविवार दोपहर को नेशनल हाईवे-48 पर भटेवर स्थित ओवरब्रिज के पास हुआ। घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की मदद से घायलों को हॉस्पिटल पहुंचा गया। गनीमत रही कि किसी के गंभीर चोट नहीं लगी है। सूचना पर खेरोदा थाने के हैड कांस्टेबल उदयलाल जाब्ते के साथ पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने क्रेन की मदद से ट्रक सीधा करवाकर साइड कराया और ट्रेफिक व्यवस्था बहाल कराई। पुलिस के अनुसार ट्रक और कार चित्तौड़गढ़ की तरफ से आ रहे थे। हाईवे पर दोनों ही वाहनों की स्पीड तेज थी। आगे चल रही कार को ओवर टेक करने के चक्कर अचानक ट्रक की उससे भिड़ंत हो गई। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस का कहना है कि अभी फिलहाल दोनों पक्ष में से पुलिस को लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इनपुट: रमेश डांगी, वल्लभनगर