निम्बाहेड़ा शहर में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। दशहरा महोत्सव में भारी जनसैलाब उमड़ा। आयोजन के दौरान क्रेन की मदद से हनुमानजी को करीब 100 फीट की ऊंचाई से नीचे उतारा गया। इसके बाद राम और रावण की सेनाओं के बीच युद्ध का सजीव मंचन हुआ। रात 8:14 बजे विधायक चंद्र कृपलानी ने रिमोट का बटन दबाकर रावण के विशाल पुतले का दहन किया। इस दौरान कुंभकरण और मेघनाद के पुतले भी जलाए गए। हनुमान चालीसा के पाठ से हुई शुरुआत कार्यक्रम की शुरुआत भक्तिमय माहौल में हुई। रामलीला मंच के अतिथियों ने मंच से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान मैदान में मौजूद हजारों लोग सम्मान में खड़े हो गए और एक सुर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। क्रेन से नीचे उतरे हनुमानजी, राम-रावण सेना में युद्ध कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हनुमानजी को क्रेन की मदद से करीब 100 फीट की ऊंचाई से नीचे उतारना रहा। इसके तुरंत बाद रावण को भी ऊपर से नीचे लाया गया। इसके बाद मैदान में भगवान श्रीराम की सेना और रावण की सेना के बीच घमासान युद्ध का मंचन हुआ। युद्ध के सजीव दृश्य को देखकर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। रात 8:14 बजे हुआ रावण के पुतले का दहन युद्ध के मंचन के बाद रात 8 बजे कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इसके बाद रात 8:14 बजे मुख्य अतिथि विधायक चंद्र कृपलानी ने रिमोट का बटन दबाकर रावण के विशाल पुतले का दहन किया। पुतलों में आग लगते ही वे धू-धूकर जल उठे। पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। विधायक ने किया भगवान श्रीराम का अभिषेक रावण दहन के बाद विधायक चंद्र कृपलानी सहित अन्य अतिथियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मणजी का विधि-विधान से अभिषेक कर आरती की। अतिथियों ने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, एसडीएम विकास पंचोली, डिप्टी शिव प्रकाश टेलर, सभापति शिल्पा भूतड़ा, उपसभापति निलेश मेहता, नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी और रामलीला मंच संयोजक प्रकाश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।