छीपाबड़ौद| ब्लॉक वेटरनरी हेल्थ ऑफिस छीपाबड़ौद में पशुपालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। इसमें कोटा के अतिरिक्त निदेशक डॉ. मदन मोहन परिहार ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मंगला पशु बीमा योजना में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में पशुओं के वैक्सीनेशन, निशुल्क पशुधन आरोग्य योजना, कृत्रिम गर्भाधान और सेक्स सॉर्टेड सीमन योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही भूमिहीन संस्थाओं को पट्टे आवंटित कराने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। उपनिदेशक डॉ. अमर लाल नागर ने कृत्रिम गर्भाधान योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मौके पर प्रायोगिक प्रशिक्षण कराकर कर्मचारियों को योजना की बारीकियों से अवगत कराया। वहीं, डॉ. हेमंत जैन ने कार्यस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए ब्लॉक की सभी पशु चिकित्सा संस्थाओं के प्रभारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।