पाली शहर के औद्योगिक थाना एरिया के फोर्थ फेज एरिया में स्थित सारड़ा बायो पॉलिमरस गम-ग्वार फैक्ट्री में रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे भीषण आग लग गई। अचानक लगी आग से बचने के लिए मजदूर जलते हुए बचाओ-बचाओ की आवाज लगाते हुए फैक्ट्री से बाहर निकले। तीन गंभीर घायल मजदूरों को बांगड़ हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां से उन्हें जोधपुर रेफर किया गया। यहां 17 मजदूर काम कर रहे थे। दो मजदूरों की तलाश जारी है। शेष ने भागकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में लगी लािफ्ट में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। जो देखते ही देखते फैल गई। बचने के लिए मजदूर बाहर की तरफ भागे। तीन गंभीर घायल 19 साल के विक्की, 40 साल के अवदेश कुमार और 28 साल के राजू को पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को जोधपुरे रेफर किया गया। वे 70 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे हुए थे। बताया जा रहा है दो श्रमिक नहीं मिल रहे। जिनकी तलाश की जा रही है। उनके आग में फंसा होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम पाली विमलेंद्र सिंह राणावत, सीओ सिटी मंगलेश चुण्डावत, औद्योगिक थाने की टीम भी मौके पर पहुंची।