नगर पालिका आम चुनाव-2026 को लेकर 14 सितंबर को पाली शहर के लॉ कॉलेज में सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू होगी। मतगणना को लेकर इस बार 5 टेबलें लगाई जाएगी। वार्ड 01-13, वार्ड 14-26, वार्ड 27-42, वार्ड 43-52 और वार्ड 53 से 65 की मतगणना होगी। दो चरणों में हुए मतदान, मतगणना 14 को जिला निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि आयोग की ओर से जारी निर्देशों के प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 को सोजत, सोजतरोड, रानी खुर्द और मारवाड़ जंक्शन नगर पालिका की वोटिंग हुई थी। 11 सितंबर 2026 को पाली नगर निगम, सुमेरपुर, फालना, सादड़ी, तखतगढ़ और बाली नगर पालिका की मतगणना हुई थी। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को करवाई जाएगी। संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को मतगणना कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए गए हैं। मतगणना भवन परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक अभ्यर्थी अथवा उसके निर्वाचन अभिकर्ता को मतगणना स्थल, दिनांक एवं समय की लिखित सूचना उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक मतगणना कक्ष के लिए पृथक सहायक रिटर्निंग अधिकारी को कक्ष प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। मतगणना हॉल में बैठने और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था के साथ-साथ मतगणना भवन परिसर के बाहर दोहरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन नियमों के अनुसार अभ्यर्थी और उसका निर्वाचन अभिकर्ता मतगणना के दौरान अपनी ओर से उपस्थित रहने के लिए गणन अभिकर्ता नियुक्त कर सकता है। वार्ड सदस्य चुनाव में गणन अभिकर्ता की नियुक्ति प्रारूप-19 में दो प्रतियों में की जाएगी। नियुक्ति पत्र पर पासपोर्ट साइज फोटो चस्पा होना आवश्यक है तथा इसे रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष मतगणना से कम से कम दो दिवस पूर्व प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थियों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं को फोटोयुक्त बैज भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। जरूरी सीलिंग सामान उपलब्ध करवाया जाएगा पाली जिले की समस्त नगर निकायों में मल्टी पोस्ट सिंगल वोट ईवीएम का उपयोग किया गया है। इसके चलते मतगणना टेबल पर केवल कंट्रोल यूनिट की आवश्यकता होगी। मतगणना के बाद आयोग ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सिक्योर डिटेचेबल मेमोरी मॉड्यूल की सीलिंग की जाएगी। आवश्यक सीलिंग सामग्री पूर्व में ही उपलब्ध करवाई जा चुकी है। मशीनों की बैटरी निकालकर एसडी-एमएम की सीलिंग निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। जिला मुख्यालय पर जमा होगी एसडी-एमएम मतगणना पूर्ण होने के बाद सभी सील्ड/अन-सील्ड ईवीएम एवं सील्ड एसडी-एमएम को उसी दिन जिला मुख्यालय पर जमा करवाया जाएगा। ईवीएम को कैरिंग केस में पैक कर बक्सों में सुरक्षित रूप से पाली स्थित ईवीएम वेयरहाउस, राजकीय लॉ कॉलेज(पुराना भवन), बांगड़ कॉलेज परिसर में जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सील्ड एसडी-एमएम को उसी दिन जिला कोष कार्यालय, पाली के डबल लॉक में जमा करवाया जाएगा। ईवीएम में खराब हुई तो इंजीनियर की सहायता ली जाएगी मतगणना के दौरान यदि ईवीएम में खराबी के कारण कंट्रोल यूनिट पर परिणाम प्रदर्शित नहीं होता है तो अधिकृत इंजीनियर की सेवाएं ली जाएगी। यदि अधिकृत इंजीनियर ने भी ईवीएम से परिणाम प्राप्त नहीं किया जा सके तो संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा जिला निर्वाचन कार्यालय, पाली को तत्काल लिखित रूप से सूचित किया जाएगा।