पाली जिले में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को पाली, रोहट, देसूरी और बाली पंचायत क्षेत्रों में जिला परिषद के 15 और पंचायत समिति के 84 वार्डों के लिए मतदान हुआ। जिला परिषद सदस्यों के लिए औसतन 52.55% और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 53.13% मतदान हुआ। रोहट में सबसे ज्यादा 56.46% और देसूरी में सबसे कम 50.95% वोटिंग हुई। उमकली में बहिष्कार, पेयजल का मुद्दा छाया रोहट के उमकली गांव में अलग ग्राम पंचायत बनाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। यहां सिर्फ 9 लोगों ने वोट डाले। वहीं, रोहट के चोटिला सहित कई गांवों में पेयजल की समस्या प्रमुख मुद्दा रही। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस बार चुने जाने वाले जनप्रतिनिधि वर्षों पुरानी पानी की समस्या का समाधान करेंगे। मणिहारी में कुछ समय के लिए ईवीएम में खराबी भी आई। सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात रहीं। मतदान शांतिपूर्ण रहा। पहले चरण में इन क्षेत्रों में हुआ था मतदान पाली जिले में पहले चरण में सोजत, बगड़ी नगर, मारवाड़ जंक्शन, रानी और सुमेरपुर में मतदान हुआ था। दूसरे चरण में पाली, रोहट, देसूरी और बाली पंचायत क्षेत्रों में वोट डाले गए। अब 30 अक्टूबर को पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा। मतदान के बाद परिणाम जारी किए जाएंगे। देखें… पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत देखें… जिला परिषद का मतदान प्रतिशत देखें चुनाव से जुड़ी तस्वीरें…