हनुमानगढ़ पुलिस ने जिले में नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पल्लू थाना पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 5.82 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 180 प्रतिबंधित प्रीगाबालिन कैप्सूल बरामद किए, जबकि भादरा थाना पुलिस ने दूसरे आरोपी से एक अवैध देसी पिस्टल (.315 बोर) और तीन जिंदा कारतूस जब्त किए। दोनों मामलों में संबंधित थानों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पल्लू थाना पुलिस की कार्रवाई पल्लू थाना पुलिस ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान बांगासर निवासी पवन कुमार (24) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.82 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 180 प्रतिबंधित प्रीगाबालिन कैप्सूल बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच रावतसर थानाधिकारी ईश्वरानंद को सौंपी गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी सुरेश मील, हेड कांस्टेबल पूनम सिंह, कांस्टेबल ओमप्रकाश, श्रवण कुमार और चालक कांस्टेबल रामकुमार शामिल रहे। भादरा में अवैध हथियार बरामद भादरा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान सरदारपुरा बास (डोबीबास) निवासी बलदेव (33) उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध देसी पिस्टल (.315 बोर) और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार बलदेव उर्फ बबलू के खिलाफ पहले से आबकारी एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। अभियान रहेगा जारी पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियारों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।