जोधपुर में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव हुए। शाम 6 बजे तक जोधपुर जिले में 68.82 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण में जिले की 17 पंचायत समिति में चुनाव हुए। इनमें 11 पुरानी पंचायत समिति थी, जबकि 6 नई पंचायतों में पहली बार मतदान हुआ। इनमें पुरानी 11 पंचायत समिति में से 10 पंचायतों में मतदान प्रतिशत पिछले चुनावों के मुकाबले बढ़ा। इसका कारण रहा प्रशासन की ओर से स्वीप कार्यक्रम के तहत चलाए अभियान में आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए। जहां शादी के डेकोरेशन की तरह इन केंद्रों को सजाया गया। इसके अलावा हर बूथ पर सेल्फी पॉइंट और मेरा वोट मेरी ग्राम पंचायत अभियान था। इसके अलावा राजनीतिक तौर पर देखा जाए तो मतदान प्रतिशत बढ़ने का कारण तीसरा मोर्चा और परिसीमन भी रहा। मतदान प्रतिशत बढ़ने के अब पढ़ें तीन कारण स्वीप अभियान: ​जिला प्रशासन की ओर से जिले में मेरा वोट मेरी ग्राम पंचायत अभियान चलाया गया। इसके अलावा हर ग्राम पंचायत के एक-एक बूथ को आदर्श बूथ बनाया गया। यहां वोटर्स के आने पर उनका स्वागत किया गया। इतना ही नहीं मतदान केंद्र को शादी में होने वाले डेकोरेशन की थीम पर सजाया गया। तीसरा मोर्चा: इस बार के पंचायत समिति चुनाव में तीसरा मोर्चा काफी सक्रिय रहा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए आरएलपी ने भी प्रत्याशी उतारे थे। त्रिकोणीय मुकाबले की वजह से इस बार मतदान प्रतिशत पर भी इसका असर रहा। परिसीमन: पुरानी पंचायत समितियों में से अलग होकर 6 नई पंचायत समिति बनाई गई। ऐसे में पुरानी पंचायत समिति में मतदाता घटे और दायरा भी छोटा हुआ। इस परिसीमन का फायदा नई और पुरानी दोनों पंचायत समितियों को भी मिला। बिलाड़ा और बावड़ी में गिरा मतदान प्रतिशत वहीं शाम 6 बजे तक आए आंकड़ों के अनुसार- पुरानी 11 पंचायत समितियों में से केवल बावड़ी और बिलाड़ा में मतदान प्रतिशत गिरा। बावड़ी में पिछले साल 72.46 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार यहां 65.76 प्रतिशत मतदान रहा। यहां 6 प्रतिशत मतदान गिरा। इसी तरह पिछली बार बिलाड़ा में 65.28 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार 62.61 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 2.67 प्रतिशत मतदान रहा। मंडोर और तिंवरी में बढ़ा सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत शाम 6 बजे तक आए आंकड़ों के अनुसार- सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत मंडोर और तिंवरी में बढ़ा है। तिंवरी में पिछले चुनाव में तिंवरी 65.5 प्रतिशत मतदान हुआ था। जो इस बार 10.82 प्रतिशत बढ़कर 76.32 प्रतिशत तक पहुंच गया। इसी तरह मंडोर पंचायत समिति में भी 9.82 प्रतिशत मतदान बढ़ा है। पिछले चुनाव में यहां 61.68 प्रतिशत मतदान हुआ था। जो इस बार बढ़कर 71.50 प्रतिशत पहुंच गया है। 6 नई पंचायत समितियों में 60 प्रतिशत से ज्यादा मतदान इस बार 6 नई पंचायत समिति झंवर, कापरड़ा, सामराऊ, उम्मेद नगर, सालवा खुर्द और हतुंडी नई पंचायत समिति का गठन हुआ था। परिसीमन में ये पंचायत समितियां बिलाड़ा, ओसियां और तिंवरी से अलग होकर बनी। इन 6 पंचायत समितियों में 60 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है। शाम 6 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा मतदान उम्मेदनगर में 76.32 और सामराऊ में 75.26 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। यहां देखें पिछले चुनावों में क्या था पंचायत समिति चुनावों का मतदान प्रतिशत…