जालोर जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत होने वाले जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस लिए। नामांकन वापसी के बाद जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों पर चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। नामांकन वापसी के अंतिम दिन जिलेभर से प्रत्याशी और उनके समर्थक कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कई प्रत्याशियों ने स्वयं उपस्थित होकर अपना नामांकन वापस लिया, जबकि कुछ प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी की। नामांकन वापसी को लेकर दिनभर कलेक्ट्रेट परिसर में गतिविधियां जारी रहीं। जिला परिषद सदस्य पद के लिए कुल 37 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस लिए। इसके बाद जिला परिषद की 43 सीटों पर अब कुल 129 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं। वहीं, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 8 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया। इसके बाद पंचायत समिति सदस्य पदों पर कुल 70 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार शाम को निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। इसके साथ ही चुनाव मैदान में डटे प्रत्याशियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मुकाबला रोचक होने की संभावना है। प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में जुटेंगे। नामांकन वापसी के बाद चुनावी मैदान में बचे उम्मीदवारों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।