खैरथल| खैरथल-तिजारा जिले में पंचायतीराज चुनाव के तहत जिला परिषद सदस्य की 25 सीटों पर 19 से 23 अक्टूबर तक कुल 226 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 168 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। शुक्रवार को नामांकन के अंतिम दिन सबसे ज्यादा 128 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 97 प्रत्याशी शामिल रहे। निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 19 अक्टूबर को किसी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया, जबकि 21 अक्टूबर को 29 नामांकन पत्रों के साथ 22 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। 22 अक्टूबर को 69 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 49 प्रत्याशी शामिल थे। अंतिम दिन 23 अक्टूबर को 128 नामांकन पत्र दाखिल होने से चुनावी सरगर्मी बढ़ गई। अब 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 26 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित कर प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रत्याशियों की नजर नामांकन पत्रों की जांच पर टिकी है। जांच के दौरान दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर नामांकन निरस्त भी हो सकता है। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो जाएगी।