सीकर में परशुराम जयंती के उपलक्ष में ‘परशुराम प्रीमियर लीग’ क्रिकेट टूर्नामेंट गोपीनाथ इलेवन ने जीता। टूर्नामेंट का रोमांच अंतिम गेंद तक चला और इसके बाद सुपर ओवर हुआ। विप्र सेना युवा प्रकोष्ठ के निर्देशन में हुए क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में लक्ष्मणगढ़ विप्र सेना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 41 रन बनाए। जवाब में 10वें ओवर की अंतिम गेंद तक गोपीनाथ इलेवन भी 41 रन ही बना सकी। मैच टाई होने पर सुपर ओवर में लक्ष्मणगढ़ विप्र सेना की टीम 3 रन ही बना सकी। जवाब में गोपीनाथ इलेवन ने 4 रन बनाकर 5 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया। इस टूर्नामेंट में जिलेभर की 18 टीमों ने हिस्सा लिया। विजेता और उपविजेता टीम को किया सम्मानित विप्र सेना जिलाध्यक्ष सुरेश पारीक ने बताया- समापन समारोह के मुख्य अतिथि RCA के पूर्व सेक्रेटरी सुभाष जोशी के साथ पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, पवन जोशी, विप्र सेना कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष दिनेश दादिया, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अंकुर बहड़, कांग्रेस सेवादल अधक्ष रविकांत तिवाड़ी, पारीक सोशल ग्रुप अधक्ष राजेंद्र पारीक आदि अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विप्र सेना अध्यक्ष सुरेश पारीक ने बताया- महर्षि परशुराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 19 अप्रेल को सुबह 8 बजे रामलीला मैदान के पास स्थित परशुराम पार्क से दधिमती माता मंदिर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में जिलेभर से ब्राह्मण समाज के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में कल्याण धाम महंत विष्णु प्रसाद शर्मा, बोलता बालाजी मंदिर महंत सुनील तिवारी, छोटा तालाब बालाजी मंदिर महंत सुभाष शर्मा व लड्‌डूदास महाराज भी मौजूद रहे।