पंचायत राज चुनाव के पहले चरण में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए आज नामांकन और नाम वापसी का आखिरी दिन है। कल फलोदी की सभी ग्राम पंचायतों में वोट डाले जाएंगे और शाम तक नतीजे भी घोषित हो जाएंगे। फलोदी जिला प्रशासन ने चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ये चुनाव बैलेट पेपर से होंगे। फलोदी पंचायत समिति में कुल 36 ग्राम पंचायतें हैं। पहले चरण में राजस्थान के 16 जिलों की 104 पंचायत समितियों की 3314 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। इस चरण में मतदाता शनिवार को दोबारा वोट डालेंगे। इससे पहले 22 अक्टूबर को वे जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए वोट डाल चुके हैं। तब उनके उल्टे हाथ की तर्जनी अंगुली पर स्याही लगाई गई थी। अब सरपंच और वार्ड पंच के लिए वोटिंग के समय सीधे हाथ की तर्जनी अंगुली पर स्याही लगेगी।