फलोदी में चोरी के दो नए मामले सामने आए हैं। इनमें एक मोटरसाइकिल दुकान के बाहर से चोरी हुई, जबकि दूसरी घटना में खेत में लगे ट्यूबवेल से बिजली केबल चुरा ली गई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला उत्तर प्रदेश निवासी सत्यम सिंह ने दर्ज कराया है, जो वर्तमान में राजीव कॉलोनी, फलोदी में रहते हैं। उन्होंने बताया- 13 जुलाई को उन्होंने अपनी बाइक शहर में एक दुकान के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर उनकी बाइक मौके से गायब मिली। दूसरी वारदात फलोदी थाना क्षेत्र के मलार रीण गांव में हुई। यहां सौरव बोहरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जुलाई को उनके खेत में स्थित ट्यूबवेल से अज्ञात चोर बिजली केबल चुरा ले गए। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में पुलिस की कार्यशैली के प्रति नाराजगी है।