हनुमानगढ़ जिले में पीलीबंगा थाना पुलिस ने 2 अलग-अलग कार्रवाइयों में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट और सट्टा खाईवाली में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लाखों रुपए नकद, मोबाइल फोन, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पहली कार्रवाई में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का खुलासा करते हुए पीलीबंगा निवासी पुनीत कुमार और पंकज कुमार को गिरफ्तार किया। इनसे 2.30 लाख रुपए नकद, एक लैपटॉप, 11 एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल और 19 एटीएम कार्ड जब्त किए गए। आरोपी अलग-अलग स्थानों से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे और लगभग 5 हजार यूजर्स को आईडी बेच चुके थे। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए डेटा से महज 18 दिनों में करीब 45 लाख रुपए के लेनदेन का खुलासा हुआ है। दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने मंडी पीलीबंगा क्षेत्र से सट्टा खाईवाली करते हुए पीलीबंगा निवासी विशाल कुमार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 3 लाख 74 हजार 800 रुपए नकद, 3 मोबाइल फोन, एक डायरी, कैलकुलेटर और सट्टा पर्चियां बरामद की गईं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फर्जी खातों और एटीएम कार्ड के जरिए सट्टे का पूरा नेटवर्क चला रहे थे। इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर आगे की जांच जारी है।