मौसम में अब धीरे-धीरे बदलाव नजर आने लगा है। सुबह और शाम की गुलाबी सर्दी लोगों को हल्की सिहरन का अहसास कराने लगी है। वहीं, दिन में धूप का असर बरकरार रहने से गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिल पाई है। हालांकि, शाम होते ही मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। बदलते मौसम के बीच दिन और रात के तापमान में अंतर भी महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार की तुलना में अधिकतम तापमान में एक डिग्री और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। न्यूनतम तापमान में आई गिरावट के चलते सुबह के समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस होने लगा है। सुबह जल्दी घरों से निकलने वाले लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो रहा है, जबकि शाम ढलने के बाद भी मौसम में ठंडक बढ़ रही है। शाम छह बजते ही ढलने लगा सूरज, बदल रही दिनचर्या : मौसम में बदलाव के साथ दिन की अवधि में भी कमी महसूस होने लगी है। शाम करीब छह बजते ही सूरज ढलने लगता है और धीरे-धीरे अंधेरा छाने लगता है। इसके साथ ही बाजारों और सड़कों पर शाम के समय मौसम का मिजाज बदलता नजर आने लगा है। सुबह और शाम की ठंडक के कारण लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव आने लगा है। लोग अब सुबह और देर शाम घर से निकलते समय मौसम के अनुसार कपड़े पहनने लगे हैं। दिन में गर्मी, सुबह-शाम सर्दी का अहसास... अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम का मिला-जुला मिजाज देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास होता है, वहीं सुबह व शाम को तापमान में गिरावट से मौसम सुहावना और ठंडा लगने लगा है। दिन और रात के तापमान में अंतर के चलते लोगों को दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम के इस बदलाव से आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की उम्मीद है। इस बार सर्दी के मिजाज पर नजर मौसम विभाग की मानें तो इस बार सर्दी पिछले साल की तुलना में कम रहने का अनुमान जताया है, फिलहाल तापमान में धीरे-धीरे आ रही गिरावट सर्दियों की आहट का संकेत दे रही हैं। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने पर सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है।